तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत रेलनगरी खड़गपुर नगर की धमनियों में भक्ति का अमृत प्रवाहित हो उठा, जब खड़गपुर मारवाड़ी युवक संघ ट्रस्ट के तत्वावधान में श्रद्धा, उत्साह और आस्था से ओतप्रोत भव्य निशान यात्रा निकाली गई।
गोलबाजार स्थित राम मंदिर से आरंभ हुई यह यात्रा नगर की गलियों-सड़कों को चूमती हुई मलिंचा स्थित प्रेमहरि भवन तक पहुँची। पूरे नगर का आकाश “जय श्री श्याम” के जयघोषों से गूंज उठा और खड़गपुर मानो श्याममय हो गया।
इस पावन यात्रा में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों – सभी आयु वर्ग के श्रद्धालुओं की विशाल सहभागिता ने इसे जन-आस्था का उत्सव बना दिया। मारवाड़ी समाज के प्रत्येक परिवार की उपस्थिति ने सामूहिक भक्ति की ऐसी तस्वीर उकेरी, जिसमें श्रद्धा, एकता और उल्लास के रंग घुलते चले गए।

हाथों में निशान लिए श्रद्धालु जब भक्ति-भाव से आगे बढ़े, तो मार्ग पुष्प वर्षा से सज उठा और नगर का कण-कण उल्लास से मुस्करा उठा। यात्रा का सबसे मोहक दृश्य था सूरजगढ़ निशान यात्रा का भव्य रथ, जिस पर बाबा श्याम स्वयं विराजमान प्रतीत हो रहे थे।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड की मधुर स्वर-लहरियाँ और भक्तों के नृत्य ने वातावरण को आध्यात्मिक उत्सव में बदल दिया। रथ के साथ-साथ चलता जनसैलाब मानो भक्ति की धारा बनकर नगर में बहने लगा।
मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा शरबत और जल-सेवा की सुंदर व्यवस्था की गई। वहीं ट्रस्ट के स्वयंसेवकों और स्थानीय प्रशासन की सजगता से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रही।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि इस निशान यात्रा का उद्देश्य समाज में भाईचारे की ज्योति प्रज्वलित करना, धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करना और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना है।
अंततः यात्रा मलंचा स्थित प्रेमहरि भवन पर संपन्न हुई, जहाँ विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दिव्य आयोजन ने खड़गपुर को भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक सौंदर्य के रंगों से सराबोर कर दिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



