प्राण साहब का कहना था कि फिल्म फेयर का सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का पुरस्कार फिल्म पाकीजा के लिए संगीतकार गुलाम मौहम्मद को मिलना चाहिए था न कि फिल्म ‘बेईमान’ के लिए संगीतकार जयकिशन को…
श्याम कुमार राई ‘सलुवावाला’, खड़गपुर। आज का किस्सा फिल्मी दुनिया के जबरदस्त खलनायक की भूमिका निभाने के लिए प्रसिद्ध और बेजोड़ अभिनेता प्राण से जुड़ा है। जब उन्होंने सन् 1973 में प्रदर्शित फिल्म ‘बेइमान’ के लिए घोषित सर्वश्रेष्ठ सहअभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार लेने से इंकार कर दिया था। इसकी वजह थी फिल्म ‘बेइमान’ को मिलने वाले वर्ष का सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का पुरस्कार की घोषणा थी।
वे इस निर्णय से नाखुश थे, असहमत थे। इसी के विरोध में उन्हें मिलने वाला सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता का पुरस्कार लेने से मना कर दिया। मजे की बात यह है कि उन्हें पुरस्कार भी फिल्म ‘बेईमान’ के लिए ही मिलने जा रहा था। प्राण साहब के अनुसार वह पुरस्कार फिल्म ‘पाकीजा’ के संगीतकार गुलाम मोहम्मद को मिलना चाहिए था, न कि फिल्म ‘बेइमान’ के संगीतकार शंकर जयकिशन को।
यूं तो सन् 1954 से आरंभ की गई फिल्मों के लिए दिए जाने वाले इस “फिल्मफेयर पुरस्कार” को समय-समय पर कलाकारों द्वारा लेने से इंकार करने की अनेकों घटनाएं हैं। लेकिन उनमें अधिकतर व्यक्तिगत कारण रहे हैं। पर इस तरह का उदाहरण दुर्लभ है।
अभिनेता प्राण ने एक सही बात के लिए अपना विरोध जताया। वे पुरस्कार चयन समिति के निर्णय से असहमत थे। जिसके लिए उन्होंने अपना पुरस्कार तक ठुकरा दिया। वो अपनी जगह सही थे।
भले ही उनकी बात को पुरस्कार चयन समिति द्वारा स्वीकार नहीं किया गया। पर कोई उन्हें गलत भी नहीं ठहरा सकता। फिल्म ‘पाकीजा’ और ‘बेइमान’ के गीतों को सुनकर प्राण साहब की बातों से कोई भी फिल्मी गीत-संगीत प्रेमी असहमत नहीं होगा।
खैर, फिल्मों में खतरनाक खलनायक की भूमिका करने वाले प्राण के निजी जीवन के ढेरों अच्छाइयों में से एक अच्छा और उजला पक्ष ऐसा भी था। 12 फरवरी, 1920 को बल्ली मारन, दिल्ली में जन्मे अभिनेता प्राण का पूरा नाम प्राण कृष्ण सिकंद था।
12 जुलाई, 2013 में 93 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। पर उन्होंने अनगिनत लाजवाब भूमिकाओं से भरी फिल्मों में अपनी अमिट छाप छोड़ गए जो उन्हें सदियों तक लोगों के दिलोदिमाग में जिंदा रखने के लिए काफी है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

