राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने पहुंचे अमित शाह और स्मृति इरानी

नयी दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की है। स्मृति इरानी के साथ महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉक्टर महेंद्र मुंजपारा और अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉन बारला भी मौजूद थे। हालांकि इन मुलाकातों के बारे में अभी विस्तार से कोई जानकारी सामने नहीं आई है। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के लिए ‘राष्ट्रपत्नी’ शब्द का इस्तेमाल करने के बाद गुरुवार को स्मृति इरानी और सोनिया गांधी के बीच संसद में टकराव देखने को मिला था।

स्मृति इरानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी महिला का सम्मान पचा नहीं पा रही है। कांग्रेस पार्टी गरीब परिवार की बेटी को देश की राष्ट्रपति बनते हुए देख नहीं पा रही है। सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “माफी मांगो सोनिया गांधी इस देश के आदिवासियों से, माफी मांगो औरतों से, माफी मांगो गरीब से, माफी मांगो, शर्म करो। जिस औरत ने पंचायत से लेकर संसद तक सम्मान के साथ देश की सेवा की, पुरुष नेता सड़क पर उसका अपमान करते हैं।”

बीजेपी मेरी जगह सोनिया गांधी को बना रही है निशाना : कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने वाले बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। अधीर रंजन के इस बयान का बीजेपी नेता जमकर विरोध कर रहे हैं। इस बीच अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि इस मामले में बीजेपी अब सोनिया गांधी को जानबूझकर निशाने पर ले रही है। अधीर रंजन चौधरी ने केंद्र सरकार से माफी की भी मांग की है। उन्होंने कहा, ”जिस तरह से सत्ता पक्ष ने सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ हमला बोला था, उसे माफी मांगनी चाहिए. बीजेपी मेरे ख़िलाफ़ शिकायत की बजाए सोनिया गांधी पर निशाना साध रही है। ये बीजेपी का दिवालियापन है, जो सदन के अंदर और बाहर सिद्ध हो रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *