हुगली। श्रीरामपुर थाना अंतर्गत दिल्ली रोड संलग्न इलाके में शनिवार को तारकेश्वर जा रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए भारतीय जनता पार्टी श्रीरामपुर सांगठनिक जिला की ओर से भंडारा, जल वितरण एवं ड्रोन के माध्यम से पुष्प वर्षा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस सेवा कार्य में चांपदानी विधानसभा के विधायक दिलीप सिंह भी उपस्थित होकर शिवभक्तों की सेवा में जुटे थे।
इसी दौरान अचानक हिंदुस्तान फैक्ट्री के समीप दिल्ली रोड पर एक युवक के भीषण बाइक दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक दिलीप सिंह तत्काल अपने पायलट वाहन से घटनास्थल पर पहुंचे।
वहां सड़क पर घायल अवस्था में पड़े युवक को देखकर उन्होंने बिना समय गंवाए उसे दुर्घटनास्थल से उठवाकर अपने पायलट वाहन की मदद से निकटतम वॉल्स हॉस्पिटल पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से घायल युवक को तत्काल उपचार मिल सका और उसकी जान बच गई।
घायल युवक की पहचान डानकुनी के कालीपुर निवासी चंदन गुप्ता के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक दिलीप सिंह की तत्परता और मानवीय संवेदना की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह ने कहा कि “सही मायने में सत्कर्म ही पूजा है। जरूरतमंद और संकट में पड़े व्यक्ति की सहायता करना ही सबसे बड़ी सेवा है। प्रत्येक व्यक्ति को मानव सेवा और जनसेवा से जुड़े रहना चाहिए।”
शिवभक्तों की सेवा के लिए आयोजित भंडारे और जल वितरण कार्यक्रम के बीच हुई इस घटना ने यह संदेश भी दिया कि पूजा और आस्था के साथ-साथ मानव सेवा का भाव ही सच्ची भक्ति का सार है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

