डिजिटल डेस्क | Kolkata : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर गरमाहट आ गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि राज्य में 1 करोड़ से ज़्यादा फ़र्ज़ी मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि विशेष जाँच और पंजीकरण प्रक्रिया (SIR) शुरू होते ही ये फ़र्ज़ी वोटर मतदाता सूची से बाहर हो जाएंगे।
दिलीप घोष ने कहा: “चोर कौन है, ये सबको पता है। SIR शुरू होने के बाद यहाँ के 1 करोड़ से ज़्यादा फ़र्ज़ी वोटर भी बाहर हो जाएंगे, इसलिए उनकी सरकार यहाँ नहीं बनेगी।”
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने इन फ़र्ज़ी पंजीकरणों के ज़रिए अपना वोटबैंक तैयार किया है और अब SIR प्रक्रिया से डर रही है।
- पूरे राज्य का अपमान किया गया
दरअसल, ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि उन्हें पीएम मोदी से कभी यह उम्मीद नहीं थी कि वे उनकी कुर्सी का अनादर करने के साथ-साथ राज्य के लोगों को ‘चोर’ बताकर पूरे प्रांत का अपमान करेंगे।
पूर्व बर्धमान जिले के बर्धमान शहर में लोगों के बीच सामाजिक कल्याण योजनाओं का लाभ वितरित करने के लिए आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में बनर्जी ने मोदी की टिप्पणी को पश्चिम बंगाल के लोगों का ‘अपमान’ बताया और केंद्रीय धन के आवंटन पर रोक लगाने के लिए उनकी कड़ी आलोचना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे राज्य के खजाने पर ‘भारी बोझ’ पड़ा है।
बनर्जी ने दावा किया कि राज्य प्रशासन ने कल्याणकारी योजनाओं के लिए केंद्रीय धन के उपयोग के बारे में केंद्र सरकार के सभी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर दे दिया है। बनर्जी ने कहा, ‘‘हमने आपके सभी प्रश्नों के उत्तर दे दिए हैं, फिर भी आप धन का वितरण रोक रहे हैं और पश्चिम बंगाल को ‘चोर’ कह रहे हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए पश्चिम बंगाल में 186 केंद्रीय टीमें भेजीं और उन्हें कुछ नहीं मिला।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

