IMG 20260308 WA0005

बारह वर्षों के लंबे इंतजार के बाद कलिकाखाली हॉल्ट स्टेशन का निर्माण शुरू

स्थानीय लोगों और पैसेंजर्स वेलफेयर एसोसिएशन के संघर्ष की मिली सफलता

तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार तमलुक-दीघा शाखा रेल लाइन पर प्रस्तावित कलिकाखाली हॉल्ट स्टेशन के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। रेल मंत्रालय से मंजूरी मिलने के करीब बारह वर्ष बाद ठेकेदारों ने निर्माण स्थल पर प्रारंभिक कार्य शुरू कर दिया, जिससे इलाके के लोगों में उत्साह का माहौल है।

संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रस्तावित हॉल्ट स्टेशन पाँशकुड़ा-दीघा रेल खंड पर लवण सत्याग्रह स्मारक और देसप्राण स्टेशनों के बीच बनाया जा रहा है। स्टेशन के निर्माण से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रेल संपर्क की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कलिकाखाली हॉल्ट स्टेशन का निर्माण शुरू होना पाँशकुड़ा-हल्दिया-दीघा साउथ ईस्टर्न रेलवे पैसेंजर्स वेलफेयर एसोसिएशन और स्थानीय निवासियों के लंबे संघर्ष का परिणाम माना जा रहा है। एसोसिएशन ने पिछले कई वर्षों से इस स्टेशन की मांग को लेकर रेलवे प्रशासन के समक्ष लगातार प्रयास और आंदोलन किया था, जिसे अंततः सफलता मिली।

यह भी पढ़ें:  ग्लोबल टी20 कनाडा || मार्की नामों में रसेल, गेल, हरभजन, अफरीदी शामिल

इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के सचिव सरोज धाड़ा ने रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही काँथी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व और वर्तमान सांसदों को भी धन्यवाद दिया गया है, जिनके सहयोग और समर्थन से इस मांग को पूरा कराने में मदद मिली।

आंदोलन के दौरान सक्रिय सहयोग देने वाले स्थानीय मीडिया के प्रति भी आभार जताया गया है, जिन्होंने इस मुद्दे को लगातार उठाकर आंदोलन को मजबूती प्रदान की।

इस दौरान एसोसिएशन के दीघा यूनिट के अध्यक्ष आलोक कुमार जाना ने निर्माण कार्य के लिए आवश्यक श्रमिकों की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर करवाई, जिससे ठेकेदारों को काम शुरू करने में सुविधा हुई। वहीं, यूनिट के सदस्य स्वपन कुमार जाना के साथ उन्होंने स्वयं निर्माण स्थल पर मौजूद रहकर प्रारंभिक कार्यों में सहयोग भी किया।

स्थानीय लोगों का मानना है कि स्टेशन बनने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, व्यापार और आवागमन को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा होगा और जल्द ही यह हॉल्ट स्टेशन यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें:  #Bengal : BJP ने TMC पर लगाए विधायक और कार्यकर्ताओं पर हमले के आरोप, पुलिस बोली- ऐसा कुछ नहीं हुआ

उन्होंने कहा कि कलिकाखाली हॉल्ट स्टेशन का निर्माण शुरू होना क्षेत्र में जनभागीदारी और लोकतांत्रिक आंदोलन के माध्यम से विकास कार्य हासिल करने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च करफॉलो करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *