कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने रविवार को कोलकाता में आयोजित पार्टी की पारंपरिक ’21 जुलाई’ शहीद सभा से भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला।
उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा नेताओं से “जय बांग्ला” भी बुलवाकर रहेंगे।
इस बयान से बंगाल की राजनीति में एक बार फिर सांस्कृतिक पहचान और भाषाई अस्मिता को लेकर बहस तेज हो गई है। सभा को संबोधित करते हुए अभिषेक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि जो लोग अब तक ‘जय श्रीराम’ के नारे लगवाते थे, वे अब ‘जय मां दुर्गा’ और ‘जय मां काली’ की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल की संस्कृति, भाषा और गौरव को बार-बार अपमानित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की अगली रणनीति स्पष्ट है– भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देना और बंगाल विरोधी मानसिकता का पर्दाफाश करना।
अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर राज्य के फंड रोकने, गरीबों पर हमला करने और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस किसी भी केंद्रीय दबाव से डरने वाली नहीं है और पार्टी न ईडी से डरती है, न सीबीआई से। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “हम अपनी रीढ़ नहीं बेचेंगे।”
विभिन्न राज्यों में बंगाली भाषा बोलने वालों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर भी अभिषेक ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि बंगाल में बांग्ला ही बोली जाएगी और इस भाषा, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए तृणमूल कांग्रेस कोई भी लड़ाई लड़ने को तैयार है।
सभा में अभिषेक ने जनता से अपील की कि वे भाजपा को लोकतांत्रिक तरीके से ‘डिटेंशन कैंप’ भेजने का संकल्प लें।
उन्होंने दोहराया कि तृणमूल भाजपा के ‘कमल’ को उखाड़ फेंकेगी और बंगाल में उसके लिए कोई जगह नहीं छोड़ेगी। साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि अगर जरूरत पड़ी, तो तृणमूल दिल्ली को भी हिला देगी।
‘21 जुलाई’ की यह रैली तृणमूल कांग्रेस की शक्ति प्रदर्शन का प्रतीक रही है, और इस बार के मंच से पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि 2026 के विधानसभा चुनाव की लड़ाई अब केवल विकास या नीतियों की नहीं, बल्कि बंगाल की अस्मिता, संस्कृति और भाषा की भी होगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

