।।शौर्य।।
आदित्य त्रिपाठी
अम्बर में मंडराया संकट
काँप उठी जब हर काया
पलक झपकते नभ के ऊपर
यम ने अपना जाल बिछाया।
सैकड़ों साँसें दाँव लगी थीं
थर्राया था गगन विशाल
किंतु सामने डटकर बोला
स्मिथ मच्चार प्रचंड मशाल।
हाथों में संयम का पहरा
सीने में संकल्प अटल
उस विकराल भयंकर क्षण में
दिखा वीर का बाहुबल।
काल झपटने को तत्पर था
रोक खड़ा यह पहरेदार
झंझावात पराजित सारे
टूट गिरा संकट का वार।
खींच निकाला जीवन को जब
मौत के खुले जबड़े से
जीत गई साँसों की सरगम
शौर्य के उस हथकंडे से।
नमन वीरता के उस रण को
जिसने यह इतिहास गढ़ा
जहाँ खड़ी थी मौत परास्त
स्मिथ वहाँ अजेय खड़ा।
तूफान काटती बाहों में
जब फौलादी विश्वास भरा
थर्राया था महाकाल भी
देख के उसका रूप खरा।
अंगारों से खेल गया वो
नभ का सीना चीर दिया
स्मिथ मच्चार के पौरुष ने
मौत को ही जंजीर किया!
शून्य गगन के भाल पर उसने
पौरुष का सिंदूर भरा
कालचक्र की गति को बाँधा
थर-थर काँप उठी वसुंधरा।
शौर्य की परिभाषा बनकर
दीप्त हुआ तेजस्वी भान
स्मिथ मच्चार के तेजस पर
नतमस्तक है हिंदुस्तान!

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

