तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। राज्य में वैज्ञानिक चेतना फैलाने वाली प्रमुख संस्था पश्चिम बंग विज्ञान मंच ने अपने वर्षभर चलने वाले 40वें स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत झाड़ग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यशाला से की।
आगामी 29 नवंबर 2025 को यह संगठन अपने 40वें वर्ष में प्रवेश करेगा। इस अवसर पर वर्षभर चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के हिस्से के रूप में झाड़ग्राम जिला समिति और सेवायतन शिक्षण महाविद्यालय के संयुक्त प्रयास से यह तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक कार्यशाला संपन्न हुई।
विज्ञान मंच द्वारा नियोजित कुल छह कार्यशालाओं में यह पहली थी।सेवायतन शिक्षण महाविद्यालय के सभागार में आयोजित इस उद्घाटन समारोह में पश्चिम बंग विज्ञान मंच के राज्य और जिला स्तर के विभिन्न नेता उपस्थित थे।

झाड़ग्राम आर्ट अकादमी के प्रधान संजीव मित्रा ने इस कार्यशाला का उद्घाटन किया। राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 100 प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया।
पश्चिम बंग विज्ञान मंच ने अपने चार दशक के अनुभव के आधार पर भविष्य के लिए सांस्कृतिक उपकरण तैयार करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया। गीत, नाटक, कोरियोग्राफी और मूक अभिनय के विषयों पर तीन दिनों तक दक्ष प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया गया।
मंच के महासचिव सौरव चक्रवर्ती ने कहा, “कार्यशाला से तैयार सांस्कृतिक सामग्री को आगामी दिनों में राज्य के लगभग बारह हजार विज्ञान कार्यकर्ताओं के माध्यम से समाज के सभी स्तरों तक पहुँचाया जाएगा।”
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।



