तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिला अंतर्गत खड़गपुर 2 नंबर ब्लॉक कार्यालय और मेउदिपुर हाई स्कूल के कन्याश्री क्लब के सहयोग से बाल विवाह रोकने के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन खड़गपुर 2 नंबर ब्लॉक विकास अधिकारी सुब्रत घोष के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एक श्रुति नाटक से हुई, जिसका शीर्षक था ‘शिशुओं के सपने, साहस और उत्साह की आपूर्ति करें’। इसके बाद बंगाली फिल्म ‘अब नहीं शादी’ और हिंदी फिल्म ‘अम्माजी’ दिखाई गई, जिसमें लड़कियों के सशक्तिकरण और बाल विवाह के दुष्प्रभावों को दिखाया गया।
डॉक्टर मालविका दे ने बाल विवाह के खतरों के बारे में जागरूक किया और सभी को इसके प्रति सचेत किया।कार्यक्रम के अंत में बीडीओ सुब्रत घोष ने सभी को प्रतिज्ञा दिलाई कि वे लड़कियों की शादी 18 साल से पहले नहीं करेंगे और उनकी शिक्षा को पूरा करने में मदद करेंगे।
स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रलय सांतरा ने बीडीओ और अन्य उपस्थित लोगों को धन्यवाद दिया और कार्यक्रम का समापन किया। मेउदिपुर हाई स्कूल के कन्याश्री क्लब ने बाल विवाह रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

