उत्तर बंगाल की खबरों पर एक नजर…

इस्लामपुर नगर पालिका के तृणमूल कांग्रेस बोर्ड की वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित

उत्तर दिनाजपुर। इस्लामपुर नगर पालिका के वर्तमान तृणमूल कांग्रेस बोर्ड के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरूवार को इस्लामपुर नगर पालिका के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से नगर पालिका अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल व अन्य पार्षदों ने गत वर्षों में विभिन्न कारणों से आवाज योजना में आवास निर्माण के लिए राशि प्राप्त नहीं करने वाले 26 उपभोक्ताओं को प्रथम किश्त राशि प्राप्त करने के लिए पत्र सौंपा।

नगर निगम सूत्रों के अनुसार कुल 51 उपभोक्ताओं को पहली किश्त मिल रही है। कुल 26 लोग कार्यक्रम में शामिल हुए, इसलिए आज उन्हें एक पत्र सौंपा गया। साथ ही उन्होंने आने वाले दिनों में शहर के सौंदर्यीकरण की कई योजनाओं की भी जानकारी दी। इस दिन कन्हैयालाल अग्रवाल ने कहा कि सभी के सहयोग की आवश्यकता है। इस्लामपुर शहर के विकास के लिए हम सब मिलकर इस शहर का सौंदर्यीकरण करेंगे।

दीदी के दूतों ने सरकारी योजनाओं के तहत लोगों के नामों का किया पंजीकरण

उत्तर दिनाजपुर। उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर प्रखंड के माटीकुंडा 2 ग्राम पंचायत के विभिन्न गांवों में आज दीदी के सुरक्षा कवच या दीदीर दूत कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश युवा तृणमूल कांग्रेस महासचिव कौशिक गुना, उत्तर दिनाजपुर जिला महिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष चैताली घोष, उत्तर दिनाजपुर जिला परिषद सदस्य सुंदर सिन्हा, माटीकुंडा 2 ग्राम पंचायत प्रमुख व अन्य नेताओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। नेताओं ने घर-घर जाकर उन लोगों का नामांकन किया जो विभिन्न सरकारी योजनाओं से अबतक वंचित हैं।

अब से वे भी सरकारी योजनाओं के तहत आएंगे। युवा नेता कौशिक गुना ने कहा कि ममता बनर्जी के दूत यह सुनिश्चित करने के लिए घर-घर जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी द्वारा हमें दिए गए कार्य की कोई भी सरकारी परियोजनाओं से छूट नहीं पाये, इसे हम पूरा करेंगे। यदि कोई सरकारी योजनाओं से वंचित हैं तो नाम दर्ज कराकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

साइबर ठगी की जांच में पुलिस को बड़ी कामयाबी 5 गिरफ्तार

दक्षिण दिनाजपुर। साइबर ठगी की कथित शिकार एक युवती से पूछताछ के दौरान जिला पुलिस ने दक्षिण दिनाजपुर में एक गिरोह का पता लगाया। साइबर क्राइम पुलिस ने इस घटना में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पिछले फरवरी में बालुरघाट की एक युवती ने साढ़े छह लाख रुपये के नुकसान की शिकायत साइबर क्राइम थाने में की थी। छापेमारी के दौरान जिले के विभिन्न हिस्सों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार लोगों का घर दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज, तपन में है। पांच लोगों में से एक से 1,000 रुपये में अकाउंट खरीदा था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस को अंतरराज्यीय गिरोह का पता चला है। लेकिन अभी तक खोए हुए रुपयों की बरामदगी नहीं हो पाई है। मामले की छानबीन जारी है।

जलपाईगुड़ी में छाया सर्दी का मिजाज

जलपाईगुड़ी। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश से जलपाईगुड़ी सहित उत्तर बंगाल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आज सुबह से हल्की हवाएं चल रही है जबकि मीठी धूप खिली है। इसलिए ठंड का माहौल बना हुआ है। सुबह लोग गर्म कपड़े पहनकर निकलते नजर आए। अन्य दिनों की तुलना में सड़कें काफी सूनी रहीं।

रविन्द्रनाथ घोष को घेर लोगों ने जताया विरोध, आपा खोते हुए स्थानीय निवासियों को बताया आतंकी

कूचबिहार। कूचबिहार नगरपालिका अध्यक्ष रवींद्रनाथ घोष को अपने वार्ड के निवासियों के विरोध का सामना करना पड़ा। घटना से गुस्साए रवीन्द्रनाथ घोष ने लोगों को आतंकी तक कह दिया। स्थानीय निवासियों ने इलाके की जर्जर नालियों की सफाई और पेयजल की मांग को लेकर विरोध का सामना करना पड़ा। गुरुवार को रवीन्द्रनाथ घोष उनके घर से कूचबिहार नगर पालिका जाते समय स्थानीय निवासियों ने उनकी कार को रोक लिया और विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्थानीय निवासियों की शिकायत है कि रमजान का महीना कल से शुरू हो रहा है, इससे पूर्व उन्होंने जर्जर नालों की सफाई कराने की मांग की।

इसके साथ ही इलाके में पेयजल आपूर्ती कब से दुरुस्त होगी। इन सब समस्याओं को लेकर लोगों ने नगरपालिका के चेयरमैन की कार रोककर विरोध जताया व विरोध जताने लगे। घटना से पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। इस पर रवींद्रनाथ घोष अपना आपा खो बैठे। उन्होने भी लोगों पर गुस्सा जाहिर किया। विवाद के बीच स्थानीय लोगों को उन्होंने आतंकी तक कह दिया।

पंचायत कार्यालय पर नहीं रहा भरोसा, स्थानीय लोगों ने अपने पैसे करवायी सड़क की मरम्मत

अलीपुरद्वार। जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए पंचायत प्रधान से बार-बार गुहार लगाने का कोई फायदा नहीं हुआ। इसलिए स्थानीय लोगों ने पंचायत कार्यालय के भरोसे रहने की बजाय खुद ही सड़क की मरम्मत का बीड़ा उठाया। अलीपुरद्वार जिले के फालाकाटा प्रखंड के जटेश्वर नंबर 1 ग्राम पंचायत के हिदायतनगर क्षेत्र के निवासियों ने अपने खर्चे पर सड़क की मरम्मत की पहल की है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई वर्षों से टूटी और जर्जर हालत के कारण यह सड़क खतरनाक हो गई है।

सड़क खराब होने के कारण टोटो इस गांव में प्रवेश नहीं करता है। मानसून के दौरान ग्रामीणों को इस सड़क से आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की शिकायत है कि वे कई बार स्थानीय प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। इसलिए गांव के निवासी इंतजार करने के बजाय अपना पैसा खर्च कर सड़क की मरम्मत के लिए आगे आए।

पार्टी कार्यालय पर कब्जा को लेकर तृणमूल-भाजपा में विवाद से फैला तनाव

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी में पार्टी कार्यालय पर कब्जा करने को लेकर गुरुवार सुबह भाजपा और तृणमूल कांग्रेस आपस में भिड़ गए। भाजपा नेता विकास सरकार पर सिलीगुड़ी नगरनिगम के अध्यक्ष व वरिष्ठ तृणमूल नेता प्रतुल चक्रवर्ती को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया। यह विवाद कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर कब्जा करने को लेकर छिड़ा। तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि वार्ड कमेटी के कार्यों को सुगम बनाने के लिए कांग्रेस से चार साल के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर करके कांग्रेस का एक कार्यालय उनसे लिया गया है। उस समझौते के अनुसार स्थानीय पार्षद के साथ-साथ सिलीगुड़ी नगरनिगम के अध्यक्ष व अन्य ने उस कार्यालय का ताला खोल कर अंदर प्रवेश किया।

हालांकि, आरोप है कि बीजेपी नेता विकास सरकार ने उन्हे रोकने पहुंच गये जिससे विवाद शुरू हो गया। इस संबंध में भाजपा नेता विकास सरकार का दावा है कि कांग्रेस पार्टी में रहने के दौरान उन्होंने इस पार्टी कार्यालय का निर्माण किया था। इस कार्यालय की चाबी आज तक उन्ही के पास है। कांग्रेस के पास इस कार्यालय का कागजात नहीं है। यह सोशल ऑर्गनाइजेशन अग्रदूत का कार्यालय है इस जगह को जबरदस्ती तृणमूल कांग्रेस द्वारा कब्जा किया जा रहा है। पूरे राज्य में लोग देख रहे हैं कहीं नौकरी चोरी, बालू चोरी, जमीन चोरी चल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस के द्वारा उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्हें जान से मारने की चेतावनी दी जा रही है। उनकी पत्नी को विकास सरकार द्वारा प्रताड़ित किया गया है। उन्होंने इसके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही है। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 24 में हुई इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया। घटना की खबर मिलते ही सिलीगुड़ी थाने की पुलिस व रैफ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हुई। दूसरी ओर मेयर व तृणमूल नेता गौतम देव मौके पर पहुंचे। मेयर ने फिर ताला खोलकर पार्टी कार्यालय में प्रवेश किया।

6 गाय समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी। सिलीगुड़ी महकमा के बागडोगरा बिहार मोड़ इलाके में बागडोगरा थाना पुलिस ने बुधवार देर रात 6 गायों के साथ 2 संदीग्धों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद मुनज्जम और मोहम्मद साहिदुल हैं। दोनों नक्सलबाड़ी के तोताराम और छोटो मोनिराम जोत के रहने वाले हैं। गुरुवार को पिकअप वैन में गायों को ले जाते समय बागडोगरा के बिहार मोड़ क्षेत्र से दोनों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास गायों के लिए वैध कागजात नहीं होने के कारण गाय सहित दोनों को गिरफ्तार किया गया है। पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार लोगों को गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। बागडोगरा थाने की पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।

भू-माफिया बेच रहे हैं आश्रम की जमीन, लोगों ने पथावरोध कर जताया विरोध

राजगंज। राजगंज स्थित हरिहर आश्रम की जमीन को भूमाफिया बेच रहे हैं। गुरुवार को स्थानीय लोगों के एक समूह ने इस शिकायत को लेकर सड़क जाम कर दिया। आरोप है कि स्थानीय के अलावा बाहरी भूमाफिया पहले भी कई बीघे जमीन बेच चुके हैं। इसलिए आश्रम की संपत्ति की सुरक्षा के लिए सड़क जाम कर दी गई। आमबाड़ी हाथीमोड़ राज्य राजमार्ग के अस्पताल मोड़ पर करीब 30 मिनट तक जाम लगा रहा। तभी आमबाड़ी चौकी की पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने घटना को लेकर कानूनी मदद लेने की सलाह दी। साथ ही पुलिस द्वारा मामले की जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम हटाया गया।

हरिहर निराश्रय सेवाश्रम जलपाईगुड़ी जिले के मझियाली ग्राम पंचायत के मनुआगंज में स्थित है। 1950 के आसपास योगिराज हरिहरानंद ने आश्रम का निर्माण किया। आश्रम के पास सैकड़ों बीघा जमीन के अलावा कई संपत्तियां हैं। किसी समय वहां अनाथ लड़कों और लड़कियों को रखा जाता था साथ ही उन्हें हस्तशिल्प में प्रशिक्षित किया जाता था। आश्रम में एक ट्रस्टी बोर्ड भी बनाया गया था। योगिराज हरिहरानंद का 2015 में निधन हो गया था। उसके बाद से बोर्ड धीरे-धीरे निष्क्रिय हो गया। तब से आश्रम वस्तुतः संरक्षक विहीन हो गया।

आरोप है कि उस मौके का फायदा उठाते हुए कई भू-माफिया सक्रिय हो गए। बाहरी लोगों के अलावा कुछ स्थानीय लोगों पर आश्रम की जमीन बेचने का आरोप लगाया गया है। सड़क जाम करने वालों की ओर से सुभाष चक्रवर्ती ने कहा, ”हाल ही में भूमाफियाओं ने करीब छह बीघा जमीन बेच दी है। आश्रम की कुल 17 बीघा जमीन बेची जा चुकी है। इसलिए हम आश्रम की संपत्ति की सुरक्षा की मांग को लेकर सड़क जाम में शामिल हो गए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *