खड़गपुर। महज चार दिन पहले खरीदी गई नई कार में सवार पल्लव दोलाई अपने परिवार के साथ पूजा के लिए निकले थे, लेकिन यह सफर एक भयावह हादसे में बदल गया। पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत हल्दिया के चिरंजीवपुर स्थित बोथरा कंपनी में कार्यरत पल्लव अपनी पत्नी प्रियंवदा और बेटे के साथ हाजरामोड़ काली मंदिर जा रहे थे। रास्ते में टाउनशिप घूमने की उनकी योजना थी, तभी शाम करीब साढ़े चार बजे एक तेज रफ्तार, नशे में धुत चालक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि संयोगवश पल्लव, उनकी पत्नी और बेटा सुरक्षित बच निकले। अस्पताल में भर्ती प्रियंवदा ने भावुक स्वर में कहा, “ईश्वर की कृपा से हम बच गए, लेकिन सवाल यह है कि निर्दोष लोगों की सुरक्षा कौन करेगा?”
यह घटना हाल ही में दिघासीपुर तालपुकुर में हुए सड़क हादसे की याद दिलाती है, जहां लापरवाह और नशे में वाहन चलाने की वजह से लोगों की जान पर बन आई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है, “हम ट्रैफिक नियमों का पालन करते हैं, फिर भी दूसरों की लापरवाही का खामियाजा हमें क्यों भुगतना पड़ता है?”
प्रशासन पर उठे सवाल : घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन क्षेत्र में सख्त चेकिंग, नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और प्रभावी सड़क सुरक्षा उपायों की मांग जोर पकड़ रही है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि क्या प्रशासन समय रहते ठोस कदम उठाता है या फिर आम लोगों की जान यूं ही खतरे में बनी रहेगी।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

