महिलाओं के साथ विशेष जरूरत वाले रक्तदाता ने भी बढ़ाया हौसला
तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेदिनीपुर सृजनी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सोफियाबाद नेताजी एथलेटिक क्लब के सहयोग से आयोजित यह शिविर मोहनपुर से सटे सोफियाबाद नेताजी एथलेटिक क्लब परिसर में हुआ। शिविर में कुल 51 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदाताओं में पांच महिलाएं भी शामिल रहीं, जबकि एक विशेष जरूरत वाले व्यक्ति ने रक्तदान कर सामाजिक भागीदारी और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की। आयोजकों के अनुसार, रक्तदान के प्रति समाज के विभिन्न वर्गों में बढ़ती जागरूकता इस तरह के आयोजनों को और सार्थक बना रही है।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में खड़गपुर-1 ब्लॉक के बीडीओ शरीफुल इस्लाम उपस्थित रहे। इसके अलावा समाजसेवी तपन भूइयां, विशिष्ट शिक्षक एवं समाजसेवी सुदीप कुमार खाड़ा, अधिवक्ता शुभजीत राय, समाजसेवी बुद्धदेव पॉलमल, चिकित्सक डॉ. वासुदेव चक्रवर्ती तथा ब्लॉक के बीडीएमओ अबीर गांगुली सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रक्तदान आंदोलन से जुड़े सुदीप कुमार खाड़ा ने रक्तदान की आवश्यकता, इसके सामाजिक महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
शिविर को सफल बनाने में सृजनी वेलफेयर सोसाइटी के सचिव आशीष कुमार मुनियान, उपाध्यक्ष विभास माझी, सदस्य विवेक जाना, अनूप राय, देबव्रत दत्त, देबारुण मुखर्जी, अभिषेक जाना, संदीप पाल, सुबिमल जाना, बाबलू सामंत, किशलय घोष और विश्वनाथ आढ़्य समेत अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
वहीं नेताजी एथलेटिक क्लब की ओर से सचिव स्वपन मिश्र के साथ दीपंकर घोष, विश्वनाथ घोष, संजय आचार्य और कौशिक आचार्य समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सृजनी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से बताया गया कि संस्था प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रही है और आगे भी इस सिलसिले को जारी रखा जाएगा। संस्था ने समाज के सभी वर्गों के लोगों से ऐसे मानवीय और सामाजिक कार्यों में सहयोग तथा सक्रिय भागीदारी की अपील की।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

