16वें वार्षिक रक्तदान शिविर को ले उत्साहित रहे आयोजक
खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले की रेल नगरी खड़गपुर अंतर्गत रावण मैदान न्यू सेटलमेंट क्षेत्र स्थित अंग्रेजी माध्यम के गुरु तेग बहादुर खालसा पब्लिक स्कूल में मंगलवार को सिख स्कूल कमेटी के तत्वावधान में 16वें वार्षिक रक्तदान शिविर का उत्साह पूर्वक आयोजन किया गया।
आयोजक मंडली की ओर से कहा गया कि सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चले इस शिविर में एक महिला समेत कुल 38 लोगों ने रक्तदान किया। संग्रहीत रक्त राजकीय अनुमंडल अस्पताल के रक्त बैंक को दान कर दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मानव सभ्यता के विकास से लेकर आज के वैज्ञानिक युग तक रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
किसी भी व्यक्ति की थैलीसीमिया समेत अन्य किसी प्रकार की बीमारी अथवा घायल होने की स्थिति में रक्त की आवश्यकता को हम सिर्फ रक्तदान के जरिए ही पूरा कर सकते हैं। इसलिए रक्तदान को महादान माना जाता है।
बड़ी संख्या में घायल लोग रक्त के अभाव में अपने प्राण गंवा देते हैं तो मरीजों के परिजनों को भी रक्त संग्रह के लिए इधर-उधर भटकते देखा जाता है। ऐसे में रक्तदान के माध्यम से ही हम मानव सेवा कर सकते हैं।
संस्था की ओर से विगत 15 वर्षों से किया जा रहा वार्षिक रक्तदान सराहनीय प्रयास है। इस प्रकार के आयोजनों को समाज में बढ़ावा देने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक लोग रक्तदान के प्रति सचेत हो सकें।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

