तारकेश कुमार ओझा, खड़गपुर। रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं के लिए आज का दिन यादगार बन गया। ईश्वर चंद्र विद्यासागर पॉलिटेक्निक परिसर में आयोजित रोजगार मेले में 24 प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न ट्रेडों के अभ्यर्थियों का चयन किया और 134 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके करियर की नई शुरुआत का रास्ता खोल दिया।
पश्चिम बंगाल सरकार के तकनीकी शिक्षा, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की पहल पर आयोजित इस मेले का शुभारंभ ‘वंदे मातरम्’ और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (स्किल्स) शांतिराम गोराई, जिला नोडल अधिकारी (स्किल डेवलपमेंट) सौमित्र मुदली।
डीईई झाड़ग्राम की ईओआईसी पापिया मंडल, आईएफबी इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एचआर अधिकारी सुमित मित्रा, झाड़ग्राम एवं बीनपुर आईटीआई के प्राचार्य तथा आईसीवी पॉलिटेक्निक और आरआरके गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, रामगढ़ के प्राचार्य सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में जिले के सरकारी पॉलिटेक्निक, आईटीआई और पीबीएसएसडी के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के साथ-साथ प्रतिभा का भी सम्मान किया गया।
दो सरकारी आईटीआई, दो सरकारी पॉलिटेक्निक तथा पीबीएसएसडी के 13 उत्कृष्ट छात्रों को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में कौशल आधारित शिक्षा ही युवाओं की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने छात्रों से अपने कौशल को लगातार निखारने और उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया। चयनित 134 युवाओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुए इस रोजगार मेले ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कौशल, प्रशिक्षण और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय से युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोले जा सकते हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे कोलकाता हिन्दी न्यूज चैनल पेज को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। एक्स (ट्विटर) पर @hindi_kolkata नाम से सर्च कर, फॉलो करें।

